कारपावंड वन क्षेत्र के जंगल में लगी आग, वन विभाग की तत्परता से पाया गया काबू

बकावंड। विकासखंड के अंतर्गत वन परिक्षेत्र कारपावंड क्षेत्र के जंगल में संवरा और सुआचोड़ के बीच शनिवार को अचानक आग लग गई। जंगल में आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा वन संपदा को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई थी।बताया जा रहा है कि उसी दौरान वहां से गुजर रहे मीडिया कर्मियों की नजर जंगल में लगी आग पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल वन परिक्षेत्र अधिकारी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया और तुरंत अग्निशमन दल एवं वन कर्मचारियों की टीम मौके पर रवाना की गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर नियंत्रण पाया और समय रहते आग को फैलने से रोक दिया। इससे बड़े नुकसान की संभावना टल गई। विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।स्थानीय लोगों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर सूचना और कार्रवाई नहीं होती तो आग आसपास के बड़े जंगल क्षेत्र को अपनी चपेट में ले सकती थी। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल क्षेत्रों में आग से संबंधित किसी भी घटना की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *