SDM मनीष वर्मा की सख्ती से फिर मचा हड़कंप, राइस मिल सील
जनवरी . बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम मूली में अवैध धान रीसाइक्लिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस कार्रवाई के साथ ही एक बार फिर बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा का नाम सख्त प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा में आ गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मी गणेश राइस मिल में अवैध रूप से धान रीसाइक्लिंग किए जाने की शिकायत प्रशासन को प्राप्त हुई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मनीष वर्मा के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा राइस मिल का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान राइस मिल के कांटा पंजी की जांच में चौंकाने वाले साक्ष्य सामने आए। पंजी में वाहन क्रमांक CG 17 KT 0804 को धान सहित तौलने का स्पष्ट उल्लेख मिला, जिससे यह पुष्टि हुई कि राइस मिल में नियमों को ताक पर रखकर धान की रीसाइक्लिंग की जा रही थी।
प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर प्रशासन ने अग्रिम जांच पूर्ण होने तक राइस मिल परिसर में भंडारित 3000 क्विंटल धान एवं 870 क्विंटल चावल को जब्त करते हुए राइस मिल को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान राइस मिल के पार्टनर अमित गुप्ता मौके पर उपस्थित पाए गए।
इसी क्रम में संबंधित वाहन क्रमांक CG 17 KT 0804 को ग्राम मूली में रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर तौल पत्रक की प्रति बरामद हुई, जिसके आधार पर वाहन में लदे 27.60 क्विंटल धान सहित वाहन को जब्त कर लिया गया। जब्त वाहन एवं धान को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु थाना बकावंड के सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम मनीष वर्मा द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई से अवैध धान कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply