सुकमा में विकास का नया सवेरा, 4.50 करोड़ के 43 कार्यों की सौगात


= कोंटा में अटल परिसर का लोकार्पण एवं अभा क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन
= परिवर्तन और विकास के दौर में है सुकमा: प्रभारी मंत्री केदार कश्यप

जगदलपुर। बस्तर संभाग के सुकमा जिले में विकास की रफ्तार को नई ऊंचाई देते हुए प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन एवं परिवहन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने आज नगर पालिका परिषद क्षेत्र सुकमा के लिए 4.50 करोड़ की लागत वाले 43 अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। यह आयोजन सुकमा के बदलते स्वरूप और वहां की जनता तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की शासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक बना। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंहदेव और राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी सहित जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कोंटा नगर के वार्ड -7 में अटल बिहारी वाजपेयी परिसर का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इसके बाद उन्होंने मिनी स्टेडियम कोंटा में आयोजित स्व. कुमार लक्ष्मी नारायण देव अखिल भारतीय क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में शिरकत की। विजेता टीमों को पुरस्कृत करते हुए श्री कश्यप ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और क्षेत्र के धार्मिक एवं सामाजिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कोंटा में जिम का विस्तार और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने,
मणिकेश्वर मंदिर में सराय भवन का निर्माण कराने, कालीमुड़ी मंदिर विकास हेतु आर्थिक सहायता देने, महाविद्यालय के लिए आवश्यक सामग्री हेतु सहयोग राशि देने की घोषणा मंत्री केदार कश्यप ने की।

विकास- विश्वास का नया दौर: कश्यप

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा- सुकमा अब केवल संघर्ष नहीं, बल्कि परिवर्तन, विकास और विश्वास के नए दौर के लिए पहचाना जा रहा है। शासन का संकल्प है कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास की मुख्यधारा पहुंचे।उन्होंने पोलावरम बांध प्रभावितों को शासन की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का भी भरोसा दिलाया। सांसद महेश कश्यप ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आगामी सांसद खेल प्रतियोगिता’ के आयोजन की घोषणा की। वहीं विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से सुकमा आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रहा है। भूमिपूजन लोकार्पण कार्यक्रम में कलेक्टर अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष सुकमा हुंगाराम मरकाम, कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, जनपद पंचायत सुकमा अध्यक्ष संतोष ईडो, जनपद पंचायत कोंटा अध्यक्ष कुसुमलता कवासी, नगर पंचायत दोरनापाल अध्यक्ष राधा नायक, जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष भुवनेश्वरी यादव, सीएमओ सुकमा पीआर कोर्राम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद और भारी संख्या में ग्रामीण व नागरिक उपस्थित थे। 4.50 करोड़ रुपये के इन विकास कार्यों से सुकमा नगर की सूरत बदलने और अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *