धान के दलालों और कोचियों पर बकावंड एसडीएम की सर्जिकल स्ट्राइक

= अवैध धान परिवहन पर की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई
=35 क्विंटल धान और पिकअप वाहन जप्त

-अर्जुन झा-

बकावंड। क्षेत्र में अवैध धान परिवहन एवं अवैध तरीके से बेचने वाले दलालों, कोचियों तथा व्यापारियों के खिलाफ बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा की सर्जिकल स्ट्राइक लगातार जारी है। एसडीएम ने फिर 35 क्विंटल धान से भरे एक पिकअप वाहन को पकड़ा है।
कलेक्टर हरिस एस के सख्त निर्देश पर बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा के नेतृत्व में रविवार को फिर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। 35 क्विंटल अवैध धान से भरा पिकअप वाहन पकड़ा गया। इस कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र में दलालों, फर्जी व्यापारियों और अवैध खरीदारों में खलबली मचा दी है।जानकारी के मुताबिक बसंत बेसरा पिता रायसिंह बेसरा, निवासी मोखागांव, बिना किसी वैध कागजात के वाहन क्रमांक सीजी 17 के जेड 0121 से धान का अवैध परिवहन कर रहा था। बसंत न तो खरीदी केंद्र का प्रमाण पत्र दिखा सका और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया। अधिकारियों ने वाहन और धान जप्त कर लिया। वाहन को करपावंड थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले में अपराध पंजीबद्ध कर रही है।

जारी है “ऑपरेशन धान”

बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा के नेतृत्व में बीते कुछ दिनों से लगातार अवैध धान परिवहन पर नकेल कसी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी कीमत पर दलाल एवं अवैध व्यापारियों की किसानों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियां किसी भी सूरत में चलने नहीं दी जाएंगी। इसी मुहिम के तहत आज कार्रवाई के दौरान एक और अवैध धान से भरी पिकअप वाहन की धरपकड़ की गई। रात से लेकर सुबह तक चलाए गए अभियान में टीम ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप को भी कब्जे में लिया गया। लगातार हो रही ऎसी कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में दहशत है।

किसान-हित सर्वोच्च प्राथमिकता

अधिकारियों का कहना है कि सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी अवैध खेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धान चोरी, सीमा पार परिवहन और दलाली तंत्र पर सख्त नजर रखी जा रही है। राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीमें गांव-गांव, सड़कों और सीमावर्ती इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं।

नहीं उठाने देंगे अनुचित लाभ

धान खरीदी प्रक्रिया को बाधित करने वालों, अवैध परिवहन करने वालों और समर्थन मूल्य व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई आगे और भी तेज होगी।
-मनीष वर्मा,
एसडीएम, बकावंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *