बस्तर संभाग को मिली स्वास्थ्य और विकास की बड़ी सौगात

= हेल्थ एटीएम का शुभारंभ, नारायणपुर में लाखों के विकास कार्यों का भूमिपूजन
= स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और गांवों के विकास के लिए लगातार हो रहा काम: मंत्री केदार कश्यप
= जनसुविधाओं के विस्तार से तेजी से बदल रहा बस्तर: सांसद महेश कश्यप


जगदलपुर। बस्तर के लिए 6 मार्च शुक्रवार का दिन स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप की उपस्थिति में भानपुरी स्थित सिविल अस्पताल में अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम का शुभारंभ किया गया, वहीं नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के करंदोला में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।
भानपुरी सिविल अस्पताल में स्थापित हेल्थ एटीएम के माध्यम से अब बस्तरवासियों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। इस मशीन से रक्तचाप, शुगर, ईसीजी सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण कुछ ही मिनटों में किए जा सकेंगे।
इस पहल से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और परामर्श मिल सकेगा, जिससे गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होगी। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के करंदोला में विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ। इन कार्यों में सामुदायिक भवन, पुलिया और सीसी सड़क निर्माण शामिल हैं। स्वीकृत कार्यों में प्रमुख रूप से घोटिया में दुलारदई गुड़ी के पास सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 5 लाख रुपये, तिरथा के भैरमगुड़ी मंदिर के पास 2 मीटर पुलिया निर्माण के लिए 6 लाख रुपये, राजपुर में 200 मीटर सीसी सड़क निर्माण के लिए 6 लाख रुपये, सुधापाल में माता मंदिर के पास 1.5 मीटर पुलिया निर्माण हेतु 4.50 लाख रुपये, खड़का में 2 मीटर पुलिया निर्माण के लिए 6 लाख रुपये तथा सालेमेटा में 300 मीटर सीसी सड़क निर्माण के लिए 9 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन सभी कार्यों की कुल लागत 36.50 लाख रुपये है। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और मजबूत आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। हेल्थ एटीएम जैसी आधुनिक व्यवस्था से ग्रामीणों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी, वहीं विकास कार्यों से क्षेत्र की बुनियादी जरूरतें भी पूरी होंगी। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बस्तर में स्वास्थ्य और विकास दोनों क्षेत्रों में लगातार काम हो रहा है। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और गांवों में आधारभूत विकास कार्य क्षेत्र की प्रगति को नई गति देंगे।

क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिससे बस्तर के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष रूपसिंग मंडावी, बलदेव मंडावी, संतोष बघेल, निर्देश दीवान, खितेश मौर्य, प्रवीण सांखला, विजय पांडेय, दिलीप पाणिग्रही, गौरव कश्यप, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *