बस्तर डाक संभाग ने बीमा क्षेत्र में रच दिया इतिहास

= एक दिन में मिले 237 करोड़ के 7 हजार 3 सौ बीमा प्रस्ताव

जगदलपुर। भारतीय डाक विभाग अंतर्गत बस्तर डाक संभाग ने 19 नवम्बर को आयोजित विशेष डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा अभियान में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। एक ही दिन में बस्तर संभाग द्वारा 237 करोड़ 29 लाख बीमित राशि के 7300 बीमा प्रस्ताव प्राप्त किए गए, जो क्षेत्रीय जीवन बीमा इतिहास में एक महत्वपूर्ण रिकार्ड है।
कुल 3 करोड़ 25 लाख 84 हजार 385 रुपए का प्रीमियम संग्रह कर अभूतपूर्व प्रदर्शन किया गया। इस दिन पूरे प्रदेश में 813 करोड़ 10 लाख 99 हजार रुपए के कुल 28516 प्रस्तावों का बीमा व्यवसाय प्राप्त हुआ। इसमें बस्तर संभाग ने सर्वाधिक योगदान देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि बस्तर के लोगों में डाक जीवन बीमा योजनाओं के प्रति बढ़ते विश्वास और लोकप्रियता दर्शाता है। विशेष रूप से कोंडागांव उपसंभाग, फरसगांव उपसंभाग तथा जगदलपुर उपसंभाग ने इस अभियान में उल्लेखनीय योगदान दिया, जहां जनता ने इन सरकारी बीमा योजनाओं में अत्यधिक रुचि और भरोसा दिखाया। बस्तर डाक मंडल के अधीक्षक, डाकघर ज्ञानेश कुमार मिश्रा ने इस उपलब्धि की जानकारी देते कहा कि यह ऐतिहासिक प्रदर्शन हमारे डाक कर्मियों की निष्ठा और बस्तर की जनता के विश्वास का परिणाम है। डाक जीवन बीमा सुरक्षित, पारदर्शी और उच्च लाभ देने वाला सरकारी बीमा होने के कारण अब लोगों की पहली पसंद बन गया है। बस्तर डाक संभाग भविष्य में भी हर घर तक बीमा सुरक्षा पहुँचाने एवं सामाजिक सुरक्षा को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस रिकार्ड तोड़ अभियान में कोंडागांव, फरसगा व एवं जगदलपुर उपसंभाग का विशेष योगदान रहा। इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर डाक विभाग ने जनता, क्षेत्रीय कर्मचारियों, एजेंटों तथा शाखा डाकघरों के उत्कृष्ट सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *