महापौर पाण्डेय के आग्रह पर सीसीएचएस लगाएगा आज महिला स्वास्थ्य शिविर


= मेयर संजय पाण्डेय ने डायरेक्टर रेड्डी से किया था विशेष आग्रह

जगदलपुर। महापौर संजय पाण्डेय की पहल पर अब छत्तीसगढ़ कांटिनेंटल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पीटल ने जनसेवा की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हाल में महिलाओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर छत्तीसगढ़ कांटिनेंटल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और निशा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित है। सुबह 10.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक चलने वाले इस शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टर्स उपलब्ध रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही जगदलपुर के दूरदर्शी युवा महापौर संजय पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ कांटिनेंटल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया था। इस दौरान महापौर श्री पाण्डेय ने हॉस्पिटल के डायरेक्टर रघु एन रेड्डी से हॉस्पिटल में बस्तर के बेरोजगारों को ही नौकरियों में प्राथमिकता देने और पूरे बस्तर संभाग में स्वास्थ्य शिविर लगाकर वंचितों एवं पीड़ितों की सेवा करने का आग्रह किया था। तब श्री रेड्डी ने श्री पाण्डेय को जानकारी दी थी कि हॉस्पिटल के ज्यादातर पदों पर बस्तर के लोग ही रखे गए हैं। इसके अलावा रघु एन रेड्डी ने स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन के लिए भी ससहमति जताई थी। इस मुलाकात के दूसरे दिन ही हॉस्पिटल के डायरेक्टर श्री रघु ने पहला स्वास्थ्य शिविर बस्तर की महिलाओं के नाम समर्पित करने का फैसला कर लिया। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है। इसी उपलक्ष में हॉस्पिटल प्रबंधन ने निशा फाउंडेशन के साथ मिलकर महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने का फैसला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *