सरकारी सड़क निर्माण में अवैध रेत का उपयोग!

= मारकंडी नदी से जेसीबी से निकाली जा रही है रेत
= ठेकेदार की मनमानी से ग्रामीणों में नाराजगी

-अर्जुन झा-
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत जैबेल एवं डिमरापाल के बीच बहने वाली मारकंडी नदी से सरकारी सड़क निर्माण के लिए ठेकेदार द्वारा अवैध रेत खनन किया जा रहा है। ग्राम पंचायत की आपत्ति को भी ठेकेदार दरकिनार करता आ रहा है।अब यह मामला जोर पकड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार ठेका फर्म कुशवाहा कंस्ट्रक्शन द्वारा बीते कई दिनों से जेसीबी मशीन लगाकर नदी से धड़ल्ले से रेत निकाली जा रही है। इस रेत का सड़क व पुलिया निर्माण एवं अन्य कार्यों में उपयोग किया जा रहा है।जानकारी के अनुसार डिमरापाल से मेन रोड होते हुए सालेगुड़ा से गोटीगुड़ा तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कार्य के लिए ठेकेदार द्वारा बिना किसी वैधानिक अनुमति के मारकंडी नदी से रेत का उत्खनन कर उसे सीधे मेन रोड पर डंप किया जा रहा है। यह पूरा कार्य खुलेआम होने के बावजूद खनिज विभाग की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह नदी से रेत निकाली जाती रही, तो भविष्य में जलस्तर गिरने, नदी के बहाव में बदलाव और खेती-किसानी पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। साथ ही नदी किनारे बसे गांवों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। इस मामले में ग्राम पंचायत डिमरापाल के सरपंच श्रीराम कश्यप ने साफ साफ कहा कि रेत उत्खनन को लेकर पंचायत की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है। मैंने कई बार रेत निकालने से मना किया है, लेकिन ठेकेदार मेरी बात नहीं मान रहे हैं। सरपंच के बयान से यह स्पष्ट होता है कि ठेकेदार द्वारा पंचायत और नियमों को दरकिनार कर मनमानी की जा रही है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब सवाल यह उठता है कि क्या खनिज विभाग को इस अवैध उत्खनन की जानकारी नहीं है? या फिर सबकुछ जानते हुए भी आंख मूंदे बैठा है?
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषी ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में प्राकृतिक संसाधनों की इस तरह की लूट रोकी जा सके।

पंचायत से अनुमति नहीं

नदी से रेत खनन के लिए न तो पंचायत ने कोई प्रस्ताव दिया है और न ही पंचायत से कोई अनुमति ली गई है। मना करने के बाद भी ठेकेदार रेत खनन कर रहा है।
-श्रीराम कश्यप,
सरपंच, डिमरापाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *