धान खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा; मारीगुड़ा में 40 क्विंटल अवैध धान और ट्रैक्टर जप्त

बकावंड। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध तरीके से धान खपाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। शनिवार 7 दिसंबर को करपावंड तहसील के अंतर्गत ग्राम मारीगुड़ा चिऊरगांव में दूसरे किसान का धान अपने खेत की उपज बताकर बेचने की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।
.. बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा ने बताया कि ​मौके पर एक ट्रैक्टर सीजी 17 केटी 1576 को रोका गया, जिसमें लक्ष्मण भारती पिता सहदेव भारती निवासी मारीगुड़ा द्वारा 89 बोरी में लगभग 40 क्विंटल धान ले जाया जा रहा था। ​पूछताछ करने पर लक्ष्मण भारती ने स्वीकार किया कि उसके पिता सहदेव भारती पिता आयतू भारती के नाम पर सोमवार 8 दिसंबर को धान उपार्जन केंद्र करपावंड में 152.40 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन कटा है। टोकन की मात्रा के मुकाबले धान कम पड़ने के कारण उसने कमी को पूरा करने के लिए 40 क्विंटल धान ग्राम राताखंडी निवासी दया भतरा से मांगा था। ​इससे स्पष्ट हुआ कि लक्ष्मण भारती अन्य किसान के धान को अवैध रूप से अपने पिता के खाते में खपाने का प्रयास कर रहा था। जो कि शासन के नियमों का सीधा उल्लंघन और एक प्रकार का फर्जीवाड़ा है।​प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए, अवैध रूप से लाए जा रहे 40 क्विंटल धान सहित ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 17 केटी 1576 को जप्त कर लिया। ​जप्त किए गए धान और ट्रैक्टर को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना करपावंड के सुपुर्द कर दिया गया है। इस घटना ने धान खरीदी केंद्रों पर बिचौलियों की सक्रियता और धोखाधड़ी के प्रयासों को एक बार फिर उजागर कर दिया है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि इस तरह के फर्जीवाड़े को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *