प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए सुकमा जिले में खोले जाएंगे मटेरियल बैंक

= हर माह की 7 तारीख को ग्राम पंचायतों में मनाया जाएगा आवास दिवस
= मनरेगा रोजगार दिवस और चावल महोत्सव भी

जगदलपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण को धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए बस्तर संभाग के सुकमा जिले में शानदार पहल की जा रही है। जिले की ग्राम पंचायतों में हर माह की 7 तारीख को आवास दिवस मनाया जाएगा। इसी दिन मनरेगा दिवस और चावल महोत्सव भी मनाया जाएगा। बड़ी बात तो यह है कि प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण के लिए सामग्री सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए पंचायत स्तर पर मटेरियल बैंक भी खोले जाएंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र परिवारों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सुकमा जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुकमा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की 7 तारीख को आवास दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन मनरेगा रोजगार दिवस एवं चावल महोत्सव का आयोजन भी एकसाथ किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर प्राप्त हो सके। इस संबंध में सुकमा कलेक्टर अमित कुमार द्वारा जिले की सभी जनपद पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आवास दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की सूची का वाचन किया जाएगा। 90 दिनों के भीतर आवास पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। जिन हितग्राहियों की किश्त की राशि लंबित है, उनके प्रकरणों का मौके पर निराकरण कर राशि का खाते में शीघ्र अंतरण किया जाएगा। मनरेगा मजदूरी भुगतान की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। आवास निर्माण में आ रही समस्याओं जैसे निर्माण सामग्री की अनुपलब्धता, राजमिस्त्री की कमी, तकनीकी या प्रशासनिक समस्या का तत्काल समाधान किया जाएगा। आवश्यकता होने पर ग्राम पंचायत स्तर पर मटेरियल बैंक की स्थापना की जाएगी, जिससे निर्माण सामग्री सुलभ रूप से उपलब्ध हो सके।

जिला पंचायत सीईओ का संदेश

जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर ने कहा कि आवास दिवस में ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रम समाधान का एक प्रभावी मंच है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि आवास निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हों और मनरेगा, चावल महोत्सव सहित अन्य योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक सुचारु रूप से पहुंचे। आवास दिवस का आयोजन जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से किया जाए, जिससे सुकमा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का क्रियान्वयन और अधिक मजबूत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *