महापौर संजय पांडे ने किया निरीक्षण

स्वच्छता, विकास और जनसुविधा कार्यों को दी गति

जगदलपुर:- महापौर संजय पांडे ने आज शहर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था एवं शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम की टीम, एमआईसी मेंबर एवं पार्षदगण भी उपस्थित रहे।

झीरम घाटी शहीद स्मारक परिसर का किया निरीक्षण

महापौर संजय पांडे लालबाग स्थित झीरम घाटी शहीद स्मारक परिसर पहुंचकर मरम्मत कार्यों एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह स्थल शहीदों की स्मृति से जुड़ा हुआ है इस कारण इसकी गरिमा के अनुरूप रखरखाव किया जाए तथा नियमित स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।

मोहन नगर में 12 लाख की पुलिया का भूमि पूजन

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड अंतर्गत मोहन नगर में 12 लाख रुपए की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया गया। इस पुलिया के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा आसपास के मोहल्लों का संपर्क सुगम होगा।
शासकीय भूमि एवं सियान सदन हेतु स्थल निरीक्षण
महापौर संजय पांडे ने शासन की विभिन्न योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से शहर के अलग-अलग स्थलों पर शासकीय भूमि का निरीक्षण किया। भूमि की स्थिति, उपयोगिता एवं भविष्य की योजनाओं के अनुरूप उपयुक्तता का परीक्षण किया गया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित शासन की योजना “सियान सदन” के क्रियान्वयन हेतु प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण किया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीघ्र प्रक्रिया पूर्ण कर योजना को धरातल पर उतारा जाए ताकि वरिष्ठ नागरिकों को सुविधाजनक एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो सके।

डिवाइडरों की साफ-सफाई का लिया जायजा

महापौर ने शहर के प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने नियमित सफाई, पौधारोपण एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जिससे शहर की छवि और अधिक आकर्षक बन सके।

स्वच्छता को लेकर एमआईसी मेंबर एवं पार्षदों के साथ बैठक

जगदलपुर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं शहर को स्वच्छता में अग्रणी स्थान दिलाने के उद्देश्य से महापौर संजय पांडे ने एमआईसी मेंबर, पार्षदगण एवं नगर निगम की टीम के साथ बैठक की। बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्करण, नियमित मॉनिटरिंग, जनजागरूकता नहीं अभियान एवं दंडात्मक कार्रवाई जैसे विषयों पर चर्चा की गई। महापौर ने कहा कि स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि जनभागीदारी से ही स्थायी परिणाम प्राप्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *