नक्सलगढ़ का बेटा बनेगा बड़ा अफसर, अंकित सकनी का यूपीएससी में चयन


= गृहमंत्री विजय शर्मा, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और संगठनों ने दी बधाई


जगदलपुर। नक्सलवाद के नासूर और माओवादी हिंसा से मुक्त होते बस्तर से दिल को सुकून देने तथा गर्व का अहसास कराने वाली शानदार खबर है। बस्तर के धुर नक्सल प्रभावित गांव का एक सपूत बड़ा अफसर बनने जा रहा है।
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुदमा के प्रतिभाशाली युवक अंकित सकनी का चयन यूपीएससी सीएसई 2025 में हुआ है। अंकित को 816 वीं रैंक प्राप्त हुई है। इस बड़ी उपलब्धि पर अंकित और उनके माता पिता को प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा व पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने बधाई एवं शुभकामनाए दी है। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि दूरस्थ आदिवासी अंचल से निकलकर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना न केवल अंकित के परिवार बल्कि पूरे बीजापुर और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उनके पिता चंद्रैया सकनी और माता जमुना सकनी का संघर्ष और संस्कार इस उपलब्धि के पीछे स्पष्ट दिखाई देता है। अंकित की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और परिश्रम से बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। अंकित के चयन पर रिश्तेदारों सहित परधान समाज के पदाधिकारियों तथा जिले गणमान्य नागरिकों व समाजसेवियों ने उन्हें बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *