प्लास्टिक मुक्त विवाह समारोह ने दिया स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जगदलपुर के जलकार्य सभापति सुरेश गुप्ता के पुत्र का विवाह जीरो वेस्ट थीम पर संपन्न

जगदलपुर। जगदलपुर के जलकार्य सभापति सुरेश गुप्ता ने अपने पुत्र के विवाह समारोह को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रखते हुए समाज के सामने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की अनोखी मिसाल पेश की। समारोह को जीरो वेस्ट थीम पर आयोजित कर उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का सशक्त संदेश दिया।
विवाह में स्टील, कांच, पेपर एवं बायोडिग्रेडेबल सामग्री का उपयोग किया गया। आमंत्रण पत्र भी पर्यावरण हितैषी तरीके से तैयार किया गया—शादी के कार्ड छपवाने के बजाय हर्बल कलर से छपे रुमालों के रूप में निमंत्रण दिया गया, जिसे लोगों ने बेहद सराहा। शादी की रस्मों में भी प्राकृतिक वस्तुओं का उपयोग किया गया।
समारोह स्थल पर “प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ” संदेश को बढ़ावा देने के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाया गया, जिसने मेहमानों का ध्यान आकर्षित किया और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जलकार्य सभापति सूरज गुप्ता ने बताया कि उनका उद्देश्य समाज को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि “बेहतर भविष्य के लिए आज ही प्लास्टिक से दूरी बनाना आवश्यक है।”
इस पहल की महापौर संजय पांडे ने जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सुरेश गुप्ता लंबे समय से स्वच्छता को बढ़ावा देने के कार्यों में सक्रिय रहे हैं और वर्ष 2010 में स्वच्छता जागरूकता के लिए लालबाग परेड ग्राउंड में सम्मानित भी हो चुके हैं। महापौर ने उम्मीद जताई कि शहरवासी भी इस प्रेरणादायक पहल से सीख लेते हुए अपने समारोहों को प्लास्टिक मुक्त बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *