जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग पर स्कूली बच्चों की जान से खिलवाड़


= क्षमता से अधिक बच्चों को ढो रहे हैं ऑटो वाले

जगदलपुर। जगदलपुर से चित्रकोट मार्ग पर करंजी से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, करंजी के मासूम बच्चे हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं। नियमों को पूरी तरह ताक पर रखकर एक छोटे से ऑटो में क्षमता से कहीं अधिक बच्चों को ठूंस ठूंस कर लाया ले जाया जाता है।
स्थिति इतनी भयावह है कि बच्चे ऑटो के पीछे के हिस्से और किनारों पर असुरक्षित तरीके से लटके नजर आते हैं। इस व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में जरा सी चूक किसी बड़ी और दर्दनाक अनहोनी का कारण बन सकती है। ​हैरानी की बात यह है कि अभिभावक और स्कूल प्रबंधन सब कुछ जानते हुए भी मौन हैं और बच्चों को इन असुरक्षित वाहनों में भेजा जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन के पुख्ता साधनों की कमी और जागरूकता के अभाव के कारण मासूमों का जीवन दांव पर लगा है। शासन प्रशासन द्वारा स्वामी आत्मानंद स्कूलों के माध्यम से शिक्षा के स्तर को सुधारने के बड़े-बड़े दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन बच्चों के सुरक्षित आवागमन की दिशा में कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।स्थानीय जागरूक नागरिकों ने यातायात विभाग और जिला प्रशासन से इस गंभीर लापरवाही पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? मांग की गई है कि ओवरलोडेड स्कूली वाहनों पर अविलंब कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *