= चहेतों को खदानें दिलाने दबाव की राजनीति तेज =
= एक ही दल के अलग अलग नेता लगे हैं जुगत में =
= नीलामी से ग्राम पंचायत कलचा की खदान आबंटित=
-अर्जुन झा-
जगदलपुर। बस्तर जिले में रेत खदानें अपने चहेते लोगों को आवंटित कराने के लिए सियासी दखलंदाजी का खेल शुरू हो गया है। जानकार लोग सरकारी नीलामी प्रक्रिया महज दिखावा करार दे रहे हैं। जानकारों की मानें तो खदान किसे देनी है, यह पहले से तय हो चुका है। बस्तर जिले में इन दिनों रेत खदानों की ई नीलामी प्रक्रिया चल रही है। कुछ दिनों के अंतराल में अलग अलग रेत खदानों के लिए अलग अलग ई निविदा जारी की जा रही है। जानकार सूत्रों का कहना है कि राजनीतक दलों के कुछ प्रभावशाली नेता अपने खासम खास लोगों को रेत खदानों का ठेका दिलाना चाहते हैं। इसके लिए वे जिला प्रशासन, खनिज विभाग और जिला स्तरीय समिति पर दबाव बनाया जा रहा है। इन रेत खदानों के लिए जबरदस्त राजनीतिक प्रतिस्पर्धा चल रही है हर नेता अपने चहेते को खदान दिलाने प्रशासन पर दवाब बनाए हुए हैं। प्रशासन बेबस नजर आ रहा है, क्योंकि एक ही सियासी दल के कई नेता अपने अपने खास को ठेका दिलाने दबाव बना रहे हैं। ऐसे में प्रशासन दुविधा में है कि किसकी बात मानें और किसकी नहीं? अधिकारी अब नेताओं की राजनैतिक हैसियत को तौल कर फैसले ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 अतर्गत जगदलपुर तहसीलके ग्राम पंचायत कलचा की रेत खदान एनआईटी ई-निविदा जारी की गई थी। जिसमें रिवर्स ऑक्शन खोलने तथा तकनीकी अर्हताधारी बोलीदारों की घोषणा 13 नवंबर को जिला स्तरीय समिति एवं टीसीएम के सदस्य द्वारा आनलाईन नीलामी प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसमें कुल 6 बोलीदारों ने आनलाईन बोली लगाई थी।इलेक्ट्रानिक लाटरी पद्धति से एक निविदाकार का चयन किया गया है। खनिज अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक नीलामी के माध्यम से ग्राम बेलपुटी और करपाल कानापाल की रेत खदान का एनआईटी जारी किया गया है। जिसकी अंतिम तिथि 20 नवंबर है और निविदा खोलने की तिथि 21 नवंबर 2025 है। ग्राम मूतनपाल और चितनूर की रेत खदानों का एनआईटी जारी किया गया है। जिसकी अंतिम तिथि 24 नवंबर है तथा निविदा खोलने की तिथि 25 नवंबर है। ग्राम कोहकापाल और रेटावंड की रेत खदानों का एनआईटी जारी किया गया है। जिसकी अंतिम तिथि 26 नवंबर है और निविदा खोलने की तिथि 27 नवंबर है। इसी तरह ग्राम सिवनी, कुम्हार साड्रा और टीकनपाल की रेत खदानों का एनआईटी जारी किया गया है। जिसकी अंतिम तिथि 8 दिसंबर एवं निविदा खोलने की तिथि 9 दिसंबर है।











Leave a Reply