= बस्तर में तीन एकलव्य विद्यालयों का प्रधानमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन
= बस्तर के सामाजिक और शैक्षिक उत्थान में यह मील का पत्थर: केदार कश्यप
= वनमंत्री केदार कश्यप ने पीएम का जताया आभार
जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर बस्तर जिले में तीन नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस पर खुशी जाहिर करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को समर्पित इस विशेष दिन पर यह उद्घाटन देशभर के जनजातीय समुदायों के लिए शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मंत्री केदार कश्यप ने बतास कि एकलव्य आवासीय विद्यालय बस्तर के दूरस्थ विकासखंड लोहांडीगुड़ा, बास्तानार, और दरभा में स्थापित किए गए हैं। इनका उद्देश्य क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति के छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली, आवासीय शिक्षा प्रदान करना है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इन विद्यालयों का वर्चुअली उद्घाटन गुजरात के नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में किया। वनमंत्री केदार कश्यप ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन स्थापित ये एकलव्य विद्यालय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके समग्र विकास के लिए आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि ये संस्थान न केवल शिक्षा के स्तर को बढ़ाएंगे, बल्कि जनजातीय बच्चों को राष्ट्रीय शैक्षिक मुख्यधारा में लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, जिससे वे कॅरियर की प्रतिस्पर्धा में प्रभावी ढंग से भाग ले सकें। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि 15 नवंबर को हुए इस वर्चुअल उद्घाटन को, बस्तर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र के सामाजिक और शैक्षिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है, जो हजारों छात्रों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।











Leave a Reply