महारानी अस्पताल सहित दो अस्पतालों में लगीं अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम

= सांसद महेश कश्यप और विधायक किरण सिंह देव ने किया लोकार्पण
= शहरवासियों को मिलेगी त्वरित जांच की सुविधा


जगदलपुर। महारानी अस्पताल जगदलपुर में अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम का शुभारंभ बस्तर सांसद महेश कश्यप ने किया और इसे शहरवासियों की सेवा में समर्पित किया। इस आधुनिक मशीन के माध्यम से अब आमजनों को विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाएं त्वरित और सटीक रूप से उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय रहते बीमारी की पहचान कर बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
ये एटीएम न्यू इंडिया इंश्योरेंश कंपनी द्वारा सीएसआर मद से जिले के तीन अस्पतालों महारानी अस्पताल, डिमरापाल मेडिकल कालेज अस्पताल और भानपुरी अस्पताल में स्थापित की गई हैं। भानपुरी अस्पताल में वन मंत्री केदार कश्यप द्वारा हेल्थ एटीएम का शुभारंभ किया गया। साथ ही डिमरापाल मेडिकल कालेज अस्पताल में एटीएम का शुभारंभ चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने किया। इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि जनस्वास्थ्य की बेहतरी और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हेल्थ एटीएम मशीन के माध्यम से लोगों को कम समय में कई आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एक ही स्थान पर मिल सकेंगे, जिससे आम नागरिकों को काफी सहूलियत होगी। कार्यक्रम में जगदलपुर विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने इस पहल को जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसके माध्यम से नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की बात कही। इस अवसर पर महापौर संजय पांडेय, जिला पंचायत सदस्य संपति नाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद सहित अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *