बकाया जल कर वसूली के दौरान निगम कर्मियों को गोली मारने की धमकी

= आयुक्त ने एसपी को लिखा पत्र, कार्रवाई के लिए किया आग्रह

जगदलपुर। बकाया जल कर की वसूली करने पहुंचे नगर निगम जगदलपुर केकर्मचारियों को बकायादार द्वारा गोली मारने की धमकी दी जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर निगम आयुक्त ने मामले में सख्त रुख अपनाया है।
जानकारी के अनुसार, जलकर की बकाया राशि वसूलने पहुंची निगम की टीम को एक बकायादार भुवन झा द्वारा भुगतान न करने के साथ-साथ गोली मारने की धमकी दी गई।बताया जा रहा है कि वसूली अभियान के तहत निगम की टीम संबंधित बकायादार के निवास प्रतिष्ठान पर पहुंची थी। इस दौरान विवाद की स्थिति बनी और आरोप है कि कर्मचारी दल को जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद निगम प्रशासन ने इसे गंभीर सुरक्षा मुद्दा मानते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। आयुक्त ने मामले में कड़ा कदम उठाते हुए पुलिस अधीक्षक जगदलपुर को पत्र लिखकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही पत्र में यह भी अनुरोध किया गया है कि आरोपी के शस्त्र लाइसेंस की समीक्षा कर उसे निरस्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि

राजस्व वसूली के दौरान किसी भी कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार या धमकी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
-प्रवीण कुमार वर्मा,
आयुक्त, नगर निगम जगदलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *