भानुप्रतापपुर में 3 साल से अधूरा पड़ा पत्रकार भवन, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा निर्माण

= काम पूरा हुआ नहीं और हो गया अंतिम मूल्यांकन

भानुप्रतापपुर। नगर के पत्रकारों के लिए स्वीकृत पत्रकार भवन पिछले तीन वर्षों से अधर में लटका हुआ है। हैरानी की बात यह है कि भवन अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है, लेकिन कागजों पर इसका मेजरमेंट माप पूरा कर लिया गया है। इस मामले में नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और प्रेस क्लब के सदस्यों ने भ्रष्टाचार की आशंका जताई है। भानुप्रतापपुर प्रेस क्लब के लिए शासन द्वारा स्वीकृत भवन का निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहा है। तीन साल बीत जाने के बाद भी भवन उपयोग के लायक नहीं बन पाया है। स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि निर्माण कार्य में हो रही देरी से न केवल पत्रकारों को असुविधा हो रही है, बल्कि सरकारी धन का भी दुरुपयोग हो रहा है।

कागज पर हो गया वेल्यूएशन!

इस मामले में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि निर्माण स्थल पर काम अभी भी बाकी है, लेकिन विभाग द्वारा इसका मूल्यांकन पूरा दिखाया जा चुका है। नियमतः कार्य पूर्ण होने के बाद ही अंतिम मेजरमेंट किया जाता है, लेकिन यहां बिना कार्य पूर्णता या फिनिशिंग के ही कागजी खानापूर्ति कर ली गई है। यह सीधे तौर पर वित्तीय अनियमितता की ओर इशारा करता है।

स्टेटमेंट छुपा रही नगर पंचायत

प्रेस क्लब के सदस्यों ने इस संबंध में नगर पंचायत से कई बार वर्क स्टेटमेंट की मांग की है। सदस्यों का आरोप है कि
निर्माण कार्य स्टेटमेंट (प्रोजेक्ट रिपोर्ट) के आधार पर नहीं किया गया है।बार-बार पूछने के बावजूद नगर पंचायत के अधिकारी स्टेटमेंट दिखाने से बच रहे हैं। प्रेस क्लब को अंधेरे में रखकर निर्माण में घटिया सामग्री या बजट में हेराफेरी की आशंका है। भानुप्रतापपुर प्रेस क्लब के सदस्यों का कहना है कि अगर निर्माण नियमानुसार हुआ है, तो प्रशासन स्टेटमेंट सार्वजनिक करने से क्यों कतरा रहा है? सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भवन का कार्य पूर्ण नहीं किया गया और स्टेटमेंट के आधार पर जांच नहीं हुई, तो वे इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों और शासन तक पहुंचाएंगे। प्रेस क्लब अध्यक्ष का कहना है कि यह
पत्रकारों के हक के साथ सरासर खिलवाड़ है। अधूरी बिल्डिंग का मेजरमेंट पूरा कर लेना बताता है कि पर्दे के पीछे कुछ बड़ा घालमेल है। हम पारदर्शिता की मांग करते हैं।

जांच के घेरे में मुख्य बिंदु

3 साल में भी काम पूरा क्यों नहीं हुआ? मेजरमेंट बुक में अधूरा काम होने पर भी फाइनल मेजरमेंट कैसे दर्ज किया गया? नगर पंचायत वर्क स्टेटमेंट को सार्वजनिक क्यों नहीं कर रही है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *