आवापल्ली आवासीय विद्यालय की प्रभारी अधीक्षिका निलंबित

= छात्रा की मौत, लगा लापरवाही का आरोप

जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिला अंतर्गत नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय आवापल्ली में अध्ययनरत कक्षा 6वीं की छात्रा की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। जिला स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय की प्रभारी अधीक्षिका कमला ककेम को गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए संयुक्त संचालक शिक्षा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक, समग्र शिक्षा बीजापुर द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार बीते 15 दिसंबर को ग्राम गुंडम निवासी छात्रा नागमणी सेमला पिता भीमा की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला स्तरीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि छात्रा के स्वास्थ्य को समय रहते गंभीरता से नहीं लिया गया, जिससे एनीमिया के कारण उसकी असामयिक मौत हुई। जांच प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि अधीक्षिका द्वारा कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती गई, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 का उल्लंघन है। इसी आधार पर अधीक्षिका कमला ककेम को निलंबित किया गया है।निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी,भोपालपटनम निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *