छोटे जीराखाल ग्राम पंचायत के फर्जीवाड़े की सीईओ से शिकायत की जनपद सदस्य सूर्यवंशी ने

= सारे दस्तावेज भी रखे सामने, कार्रवाई की मांग

Payment_Voucher

बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत छोटे जीराखाल में हुई लाखों रुपयों की धांधली के खिलाफ अब जनपद पंचायत बकावंड की राजस्व एवं कृषि समिति के सभापति जगरनाथ सूर्यवंशी ने भी मोर्चा खोल दिया है।उन्होंने जनपद सीईओ के समक्ष सप्रमाण शिकायत की है और सभी मामलों की जांच कराने की मांग की है।
जनपद सभापति जगरनाथ सूर्यवंशी ने सीईओ से की गई शिकायत में बताया है कि बकावंड जनपद की छोटे जीराखाल ग्राम पंचायत में सरपंच और सचिव ने बिना काम कराए ही उन मदों के नाम पर लाखों रुपए का गबन किया है। श्री सूर्यवंशी ने बताया है कि ग्राम पंचायत छोटे जीराखाल के अंतर्गत सरपंच और सचिव ने मनमानी करते हुए बगैर पंचों को सूचना दिए ग्राम पंचायत की बैठक कर ली और बगैर कार्य कराए फर्जी बिल को मंजूरी दे दी।15वें वित्त मद से दिनांक 09 दिसंबर 2025 को नाली निर्माण कार्य जामुड़ा के नाम पर 67 हजार 600 रुपये फर्म परसनाथ पटेल को भुगतान किया जाना बताया गया है। जबकि तथाकथित फर्म द्वारा आज दिनांक तक किसी सामग्री की आपूर्ति ग्राम पंचायत छोटे जीराखाल में नहीं की गई है। इसी प्रकार मूलभूत योजना मद से गांव में निजी जगहों तथा पंचों के घर में सीसी रोड व पक्की पटाई बताते हुए स्वयं के नाम पर 17 दिसंबर को 25 हजार रुपए, 22 दिसंबर को 25 हजार रुपए तथा 26 दिसंबर को 14 हजार रुपए, इस तरह कुल 64 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। रनिंग वाटर योजना हेतु महिला बाल विकास विभाग से अनुदान में मिले 17 हजार को कन्वर्जन कर 15वें वित्त से दिनांक 31 अगस्त 2025 को वाउचर क्रमांक पी 3 / 409 से 40 हजार 500 रुपए व पी 4 / 410 से 34 हजार 300 रुपए का भुगतान नलकूप में पंप दो नग, केबल वायर, स्टार्टर 2 नग, मोटर पाइप 35 नग का भुगतान करना बताया गया, जो सरकार के साथ धोखा है। श्री सूर्यवंशी ने मामले की जांच और भौतिक सत्यापन कराने तथा सरपंच एवं सचिव के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *