गांधीजी के विरोध में बहुत नीचे गिर गई है भाजपा: कोसमा

= पुण्यतिथि पर खुली रही शराब दुकानें, कांग्रेस ने जताई कड़ी आपत्ति =
= भाजपा की गांधी विरोधी, समाज और राष्ट्र विरोधी मानसिकता उजागर =

दल्ली राजहरा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शासकीय शराब दुकानों को खुली रखने पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतिराम कोसमा ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा है कि गांधी जी के विरोध में भाजपा हद से ज्यादा नीचे गिर चुकी है। श्री कोसमा ने शराब दुकानें खुली रखने के राज्य सरकार के फैसले को गांधी विरोधी, समाज और राष्ट्र विरोधी मानसिकता का परिचायक करार दिया है।
एक बयान में कांग्रेस नेता रतिराम कोसमा ने कहा है कि महात्मा गांधी शराब को व्यक्ति और समाज के नैतिक पतन का सबसे बड़ा कारण और व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास और प्रगति में सबसे बड़ी बाधा मानते थे। उन्होंने अपने जीवन काल में समाज सुधार के कई कार्यक्रम चलाए जिसमें शराबबंदी आंदोलन एक प्रमुख परिवर्तनकारी कार्यक्रम था। इससे प्रेरणा लेकर लाखों-करोड़ों लोगों ने शराब और अन्य नशीली वस्तुओं का त्याग किया था। आज भी गांधीजी से ही प्रेरणा लेकर सरकार और गैरसरकारी संगठन नशा मुक्ति कार्यक्रम चला रहे हैं।
रतिराम कोसमा ने कहा- कितनी विडंबना और विरोधाभासी पूर्ण बात है कि स्वयं को हिंदू धर्म, संस्कृति और राष्ट्रवाद का सबसे बड़ा झंडाबरदार घोषित करने वाली आरएसएस और उसकी राजनीतिक शाखा भाजपा जिसकी वर्तमान में छत्तीसगढ़ में सरकार है वह शराब जैसी सामाजिक बुराई को शराब के सबसे बड़े विरोधी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर संपूर्ण छत्तीसगढ़ में शासकीय शराब दुकानो को बंद रखने की बजाए पहली बार खुला रखवाती है। यह व्यक्ति, समाज और राष्ट्र विरोधी निर्णय ही आरएसएस और भाजपा की असली चाल, चरित्र और चेहरा को उजागर करती है।
श्री कोसमा ने कहा है कि आज जब पूरा देश और विश्व, सत्य और अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके परिवर्तनकारी सामाजिक-राजनीतिक कार्यों और विचारों को याद कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर रहा है, विश्व में लगातार बढ़ते तनाव और युद्ध की आशंका को समाप्त करने के लिए गांधीजी के सत्य और अहिंसा के विचार में समाधान देख रहा है, ऐसे समय में गांधीजी की हत्या के आरोपियों के राजनीतिक वारिस लोग महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर जब शराब दुकानों को बंद रखने की जगह खुला रखवाते हैं तब यह न सिर्फ उनका महात्मा गांधी के प्रति घृणा और विरोध की मानसिकता को दर्शाता है बल्कि उसके साथ साथ गांधीजी के सत्य और अहिंसा के लोक कल्याणकारी व्यावाहरिक सिद्धांतों, ग्राम सुराज, लोक कल्याणकारी राम राज्य, गणतंत्र-लोकतंत्र, संविधान और धर्मनिरपेक्ष राज्य व्यवस्था के प्रति भी विरोध और घृणा को दर्शाता है।ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रतिराम कोसमा ने भाजपा सरकार द्वारा महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शासकीय मदिरा दुकानों को खुला रखने के अनैतिक निर्णय का घोर विरोध किया है। श्री कोसमा ने सत्य, अहिंसा, गणतंत्र, लोकतंत्र, धर्मनिर्पेक्षता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के विचारों पर आस्था रखने वाले प्रबुद्ध नागरिकों से आह्वान किया है घोर साम्प्रदायिक और गांधी जी के ग्राम स्वराज व राम राज्य के विरोधी आरएसएस और उसकी भाजपा सरकार की कड़े शब्दों में निंदा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *