डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार के 4 खिलाड़ियों का नेशनल के लिए चयन

= गांव की बेटियों ने मनवाया खेल प्रतिभा का लोहा

बकावंड। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार की कबड्डी टीम ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। टीम ने कलस्टर लेवल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की चार प्रतिभाशाली छात्राओं भवानी पटेल, नवीना बघेल, रिया भारती और धनमती कश्यप का चयन राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
नेशनल प्रतियोगिता 22 से 24 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होगी, जिसमें ये छात्राएं विद्यालय एवं जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। इनकी सफलता से विद्यालय ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता का भी मान बढ़ा है। अपनी बच्चियों की उपलब्धि पर अभिभावकों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही है। यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। गांव के सरपंच एवं पंचायत सदस्यों ने इन छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की यह उपलब्धि पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य मनोज शंकर ने कहा कि हमारी छात्राओं ने समर्पण और दृढ़ इच्छा शक्ति से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। हमें विश्वास है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय का नाम और ऊंचा करेंगी। खेल प्रशिक्षक विजयलक्ष्मी साहू ने कहा कि इन छात्राओं ने साबित किया है कि निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।विद्यालय परिवार ने सभी चयनित खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं ग्राम प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *