सुशासन एक्सप्रेस से नारायणपुर के अंतिम छोर तक पहुंच रही शासन की सेवाएं: मंत्री केदार कश्यप

= दूरस्थ गांवों के ग्रामीणों को मिल रहा है योजनाओं का पूरा लाभ: कश्यप

नारायणपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि नारायणपुर जिले में चल रही सुशासन एक्सप्रेस पहल राज्य सरकार की जन केंद्रित सोच और प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वर्षों से भौगोलिक कठिनाइयों और सुरक्षा चुनौतियों के कारण जो दूरस्थ गांव प्रशासनिक सेवाओं से वंचित थे, आज वहां शासन स्वयं पहुंचकर लोगों को उनके अधिकार दिला रहा है।
मंत्री श्री कश्यप ने बताया कि यह मोबाइल सेवा इकाई दूर-दराज के गांवों में पहुंचकर आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति एवं आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न शासकीय सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध करा रही है। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत हो रही है, बल्कि आम नागरिकों में शासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से नियद नेल्ला नार जैसे आंतरिक क्षेत्रों में इस पहल का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है, जहां हजारों हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिला है। आधार अपडेट, पेंशन सेवाएं, मनरेगा जॉब कार्ड, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ अब सीधे गांवों तक पहुंच रहा है। श्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। सुशासन एक्सप्रेस इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल सेवाओं की पहुंच बढ़ा रहा है, बल्कि क्षेत्र में विकास और स्थिरता को भी मजबूती दे रहा है।
मंत्री केदार कश्यप ने विश्वास जताया है कि इस तरह के नवाचारों से नारायणपुर जैसे दुर्गम क्षेत्रों में भी सुशासन की अवधारणा और अधिक सशक्त होगी तथा प्रत्येक नागरिक को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *