बस्तर संभाग में 39 नई सोसाइटियां शुरू, बस्तर जिले में 9 नई इकाइयों से सहकारिता को मिलेगी नई मजबूती

= मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया वर्चुअल शुभारंभ =
= किसान बनेंगे सशक्त और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती =

जगदलपुर। सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केबिनेट मंत्रियों एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में प्रदेशभर में 515 नवीन पैक्स सोसाइटियों का वर्चुअल शुभारंभ किया। प्रदेश के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप पश्चिम बंगाल से वर्चुअली शामिल हुए। इस अवसर पर बस्तर संभाग में कुल 39 पैक्स सोसायटियों का शुभारंभ हुआ। बस्तर जिले में 9 पैक्स सोसाइटी का शुभारंभ हुआ, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह कदम ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि इन नई समितियों के शुरू होने से अब पूरे प्रदेश में सहकारी समितियों की संख्या बढ़कर 2 हजार 573 हो गई है। उन्होंने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक और सहकारिता के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा दे रही है, ताकि गांव और किसान समृद्ध बन सकें। जगदलपुर स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बैंक के समस्त पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और इस ऐतिहासिक पहल के साक्षी बने। बैंक पदाधिकारियों ने इसे सहकारिता क्षेत्र के विस्तार और किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर बताया। बैंक के अधिकारियों ने कहा कि नई पैक्स सोसाइटी और लैम्पस के माध्यम से किसानों को ऋण, बीज, खाद एवं अन्य आवश्यक सेवाएं और अधिक सुलभ होंगी। इससे न केवल कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान बैंक पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि यह पहल सहकारिता व्यवस्था को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएगी तथा किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक रंजीत पाण्डेय, संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त पंजीयक विनोद बुनकर, बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुंवर सिंह ध्रुव, अतिरिक्त प्रबंधक एसए रजा, विपणन अधिकारी एसके कनौजिया, ऑडिट अधिकारी राजेश मंडावी, शाखा प्रबंधक फील्ड कक्ष सुरेश मथरानी, स्थापना प्रभारी संजय पाण्डेय, पर्यवेक्षक मनोज सिंह, इकरायमुद्दीन शेख, समीर साहू, मनोहर सेठिया उपस्थित रहे। वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप कोंडागांव के अनंतपुर लैंपस से वर्चुअली शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *