नशे के खिलाफ बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रामोडोल के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने अवैध नशीली दवा ट्रामोडोल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दिनांक 13 अप्रैल 2026 की शाम मुखबिर सूचना पर आमागुड़ा चौक में घेराबंदी कर पुलिस टीम ने समीर बघेल (23 वर्ष), निवासी पनारापारा, जगदलपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से ट्रामोडोल के 216 कैप्सूल (120.96 ग्राम) बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग ₹1.08 लाख आंकी गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह नशीली दवा उड़ीसा के नबरंगपुर से लाकर शहर के युवाओं को बेचता था। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उड़ीसा पहुंचकर सप्लायर ईश्वर उर्फ सोनू (18 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से 16 कैप्सूल (8.96 ग्राम) बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब ₹8 हजार है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम में उप निरीक्षक अरुण मरकाम, प्रमोद ठाकुर, सउनि भुवनेश्वर पाण्डे, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, अनंत बघेल सहित अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *