= विधायक विक्रम मंडावी ने लाया ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
= आदिवासियों के समक्ष आ सकता है आजीविका का संकट: विक्रम मंडावी

जगदलपुर। बस्तर संभाग की बीजापुर सीट से वरिष्ठ कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने बस्तर संभाग में आदिवासियों की जमीन की खरीदी -बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के समक्ष सार्वजनिक महत्व के विषय पर विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत किया है।
अपने प्रस्ताव में विधायक विक्रम मंडावी ने कहा है कि एक तरफ सरकार बस्तर संभाग को नक्सल मुक्त कर शांति बहाली में लगी है। दूसरी तरफ प्रदेश के भू-माफिया बस्तर क्षेत्र के विभिन्न जिलों में आदिवासियों के जमीनों की खरीदी बिक्री के काम मे व्यापक पैमाने पर लगे हुए हैं। बस्तर संभाग आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र हैं और पांचवी अनुसूची में आता है। गरीब आदिवासियों की आजीविका के लिए उनके स्वामित्व की जमीन पैसे का लालच देकर औने पौने दाम पर खरीदी बिक्री की प्रक्रिया पिछले तीन-चार माह से व्यापक पैमाने पर शुरू हो गई है। बस्तर संभाग के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले नक्सल प्रभावित और अति संवेदनशील क्षेत्र हैं। इन जिलों में भूमाफिया उद्योगपतियों द्वारा बड़े स्तर पर पैसे का लालच सीधे-साधे आदिवासियों को देकर आदिवासियों की जमीनों की खरीदारी बिक्री कर लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं वहीं पैसों के लालच में आकर स्थानीय आदिवासी अपनी पुश्तैनी जमीनों को भूमाफियांओं को बेचने के लिए मजबूर हो रहे हैं यदि शासन प्रशासन द्वारा आदिवासियों की जमीन खरीदी बिक्री करने से नहीं रोका गया तो आदिवासी समाज के लिए भविष्य में आजीविका का विकराल संकट उत्पन्न होगा और आदिवासी समुदाय दर-दर भटकने के लिए मजबूर हो जाएगा। स्थानीय प्रशासन द्वारा भूमाफिया को जमीन खरीदी बिक्री में संरक्षण देने एवं बिक्री पर रोक नहीं लगाने से बस्तर क्षेत्र में रोष एवं आक्रोश व्याप्त है।

Leave a Reply