एसडीओपी सिंह की पहल से बची मासूम की जान

= ईलाज के लिए सोशल मीडिया के जरिए जुटाए 50 हजार रुपए =
= भानुप्रतापपुर बन गया संवेदना की मिसाल

भानुप्रतापपुर। मानवता और संवेदनशीलता की एक प्रेरक मिसाल भानुप्रतापपुर में देखने को मिली, जहां एसडीओपी शेर बहादुर सिंह की पहल से एक गंभीर रूप से घायल मासूम बच्चे के इलाज के लिए कुछ ही घंटों में करीब 50 हजार रुपए की सहायता जुटा ली गई।
जानकारी के अनुसार, बालोद जिले के डौंडी लोहारा क्षेत्र में कुछ दिनों पहले 4 वर्षीय बच्चे पर कुत्ते ने हमला कर दिया था। इस हमले में बच्चे के चेहरे पर 17 जगह गंभीर चोटें आईं हैं। हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चे के इलाज का खर्च परिवार की आर्थिक क्षमता से कहीं अधिक था। बताया जा रहा है कि बच्चे के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी मां ही किसी तरह उसका पालन-पोषण कर रही है। ऐसे में महंगे इलाज का खर्च उठाना परिवार के लिए संभव नहीं था। मामले की जानकारी मिलते ही भानुप्रतापपुर के एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ने मानवीय पहल करते हुए न केवल स्वयं आर्थिक सहायता प्रदान की, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन से सहयोग की अपील भी की। उनकी अपील का व्यापक असर देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने आगे बढ़कर मदद की। महज कुछ ही घंटों में करीब 50 हजार रुपये की राशि एकत्रित हो गई, जिससे बच्चे के इलाज का रास्ता आसान हुआ। प्राप्त सहयोग के बाद रायपुर में बच्चे का ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। इस पहल को लेकर क्षेत्र में एसडीओपी शेर बहादुर सिंह की सराहना की जा रही है और इसे एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील अधिकारी का उदाहरण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *