जगदलपुर की बेटी डॉ. शैलजा शुक्ला को शिक्षाशास्त्र में पीएचडी, बस्तर का बढ़ाया शैक्षणिक गौरव

जगदलपुर . बस्तर संभाग के लिए यह अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है कि जगदलपुर की शिक्षाविद् डॉ. शैलजा शुक्ला को शिक्षाशास्त्र विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। यह उपाधि उन्हें भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग (छत्तीसगढ़) द्वारा आयोजित दीक्षांत प्रक्रिया के अंतर्गत उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा के कर-कमलों से प्रदान की गई।

डॉ. शैलजा शुक्ला ने अपना शोध कार्य “छात्रावासी एवं गैर-छात्रावासी छात्राओं की शैक्षिक आकांक्षा, व्यक्तित्व एवं आत्मविश्वास का उनकी शैक्षिक उपलब्धियों पर प्रभाव : एक अध्ययन” विषय पर सफलतापूर्वक पूर्ण किया। यह शोध कार्य शोध निर्देशक डॉ. मनोज कुमार मौर्य के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। यह अध्ययन छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और शैक्षणिक सफलता से जुड़े महत्वपूर्ण पक्षों को उजागर करता है, जो शिक्षा जगत के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

डॉ. शैलजा शुक्ला की यह उपलब्धि न केवल उनकी कठिन मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है, बल्कि यह बस्तर जैसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत भी है। उनकी सफलता से पूरे बस्तर संभाग में हर्ष, उत्साह और गौरव का वातावरण व्याप्त है।

पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने पर डॉ. शैलजा शुक्ला ने भावुक होते हुए कहा—
“यह उपाधि मेरे लिए केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि बस्तर जैसे क्षेत्र की बेटियों के लिए यह संदेश है कि निरंतर परिश्रम, समर्पण, अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी शैक्षणिक शिखर को प्राप्त किया जा सकता है। मैं अपने परिवार, गुरुजनों और सभी शुभचिंतकों की हृदय से आभारी हूँ, जिनके सहयोग और आशीर्वाद से यह उपलब्धि संभव हो सकी।”

डॉ. शैलजा शुक्ला की इस उल्लेखनीय सफलता पर क्षेत्र के शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल शैक्षणिक और सामाजिक भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *