एलडब्लूई जिलों में आधार पंजीयन का काम तेज करने निर्देश

= यूआईडीएआई की डिप्टी डायरेक्टर पी. संगीता ने की एलडब्लूई जिलों में आधार पंजीयन की समीक्षा
=आंगनबाड़ी और स्कूली बच्चों के आधार पंजीयन पर फोकस करने निर्देश

मिशन मोड में आधार पंजीयन हेतु प्लान बनाकर करें क्रियान्वयन-डिप्टी डायरेक्टर जनरल यूआइडीएआई पी संगीता

जगदलपुर। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की उप महानिदेशक पी. संगीता ने सोमवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में एलडब्लूई जिलों बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर एवं मानपुर-मोहल्ला अम्बागढ़ चैकी में आधार पंजीयन स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों तथा स्कूलों के बच्चों के आधार पंजीयन पर फोकस करने कहा और इस दिशा में 31 मार्च 2026 तक सेचुरेशन सुनिश्चित करने हेतु कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत आधार पंजीयन के लिए नए ऑपरेटर का चयन, तकनीकी प्रशिक्षण सहित आधार किट की उपलब्धता के साथ पंजीयन शिविर आयोजन के प्लान तैयार करने पर बल दिया।
बैठक में सचिव योजना एवं सांख्यिकी अंकित आनंद ने इन जिलों में आधार पंजीयन के सेचुरेशन पर जोर देते हुए कहा कि आधार के माध्यम से शासन की करीब 10 जनहितकारी योजनाओं से आम जनता को लाभान्वित किया जा रहा है। इसलिए आधार पंजीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर हरेक नागरिक को विशिष्ट पहचान पत्र प्रदान करने के लिए सकारात्मक प्रयास करें। उन्होंने विभागीय स्तर पर भी नए ऑपरेटर चयनित किए जाने के लिए महिला एवं बाल विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग के मैदानी अमले से योग्य अमले को चिन्हित कर उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण देने कहा। साथ ही इंडिया पोस्ट के माध्यम से भी स्कूली बच्चों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का आधार पंजीकरण किए जाने कहा। सचिव अंकित आनंद ने एनसीईएआर सर्वे सहित पोषण ट्रैकर एवं यू-डाइस डाटा के आधार पर छूटे हुए नागरिकों और बच्चों को लक्षित कर आधार पंजीयन करने कहा। साथ ही बच्चों के आधार पंजीयन शिविर के पहले संबंधित गांव के सभी बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य तौर पर जारी करने के निर्देश दिए, ताकि पंजीयन शिविर में सभी लक्षित बच्चों को सेचुरेशन किया जा सके। उन्होंने जिला स्तर पर किट की उपलब्धता के साथ ही आवश्यकता के अनुरूप राज्य स्तर से भी मांग के लिए प्रस्ताव भेजने कहा। वहीं जिला स्तर पर आपरेटर्स की तकनीकी प्रशिक्षण हेतु मास्टर्स ट्रेनर्स तैयार करने सहित ट्रेनिंग शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में बस्तर संभाग के कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने बस्तर संभाग के एलडब्लूई जिलों में आधार पंजीयन के लिए बेहतर प्लानिंग एवं कार्यान्वयन पर जोर दिया। वहीं आईजी बस्तर सुंदरराज पी. ने कहा कि वर्तमान में आधार आम लोगों की विशिष्ट पहचान के लिए जरूरी होने के साथ ही बैंक खाता खोलने से लेकर विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसे ध्यान रखकर आधार पंजीयन पर फोकस करें। उन्होंने बस्तर में खोले गए नए सुरक्षा कैंपों के समीप लोक सेवा केंद्र विकसित कर विभिन्न सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी सुझाव दिया। इस दौरान पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए आधार पंजीयन की स्थिति और शंकाओं का समाधान किया गया। बैठक में चिप्स के सीईओ प्रभात मलिक, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के अधिकारी सहित एलडब्लूई जिले बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर एवं मानपुर, मोहल्ला अम्बागढ़ चैकी के कलेक्टर्स और सीईओ जिला पंचायत और स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, योजना एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारी तथा ई-डिस्ट्रीक्ट मैनेजर मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *