= मिनी आंगनबाड़ी केंद्र में बाउंड्री वॉल के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप =
= बच्चों की जान से खुलेआम खिलवाड़ =

बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत वनकोमार के मिनी आंगनबाड़ी केंद्र में बाउंड्री वॉल निर्माण के नाम पर गंभीर अनियमितता एवं भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। बाउंड्री वॉल बनवाए बगैर ही राशि निकाल ली गई है।
ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी भवन की सुरक्षा हेतु लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये की लागत से बाउंड्री वॉल निर्माण स्वीकृत किया गया था, लेकिन आज तक मौके पर बाउंड्री वॉल का कोई अस्तित्व दिखाई नहीं दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक निर्माण कार्य के नाम पर ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव द्वारा राशि की बंदरबांट कर ली गई है। बताया जा रहा है कि करीब 70 हजार रुपये की ईंट की खरीदी दर्शाई गई, जबकि स्थल पर न तो निर्माण कार्य पूरा हुआ है और न ही सामग्री का उपयोग नजर आता है। वर्तमान में आंगनबाड़ी केंद्र बिना बाउंड्री के खुला पड़ा हुआ है। स्थिति यह है कि आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चे सड़क किनारे खेलने को मजबूर हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। केंद्र के पास से लगातार दोपहिया एवं चारपहिया वाहन गुजरते रहते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। यदि भविष्य में कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी ग्राम पंचायत प्रशासन पर होगी। इस संबंध में जब पंचायत सचिव जोगेश्वर पांडे से चर्चा की गई तो उन्होंने कथित रूप से मीडिया से खबर प्रकाशित न करने की बात कहते हुए खर्चा-पानी देकर मामला निपटा लेने की बात कही, जो पूरे मामले को और भी संदेहास्पद बनाता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन तथा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा आंगनबाड़ी केंद्र की बाउंड्री वॉल का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




Leave a Reply