नशे में धुत्त युवाओं ने कड़े से शख्स का सिर फोड़ा

= बात-बात में हिंसक हो जाते हैं जगदलपुर के युवा =

जगदलपुर। बीती रात नगर के बस स्टैंड दारू भट्टी के सामने नशे में धुत्त युवक युवती ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। हाथ में पहने कड़े के प्रहार से व्यक्ति का सिर फट गया है।
एनएमडीसी का एक कर्मचारी बस का इंतजार कर रहा था। तभी एक स्कूटी पर सवार 19-20 साल के युवक-युवती तेज रफ्तार और लहराते हुए वहां पहुंचे और खड़े व्यक्ति को खतरनाक तरीके से कट मारा। हादसा होते-होते बचा। जब पीड़ित ने सिर्फ इतना कहा कि ढंग से गाड़ी चलाओ, तो मामला हिंसा में बदल गया। नशे में धुत युवक गाड़ी से उतरा और अपने हाथ में पहने कड़े से सीधे व्यक्ति के सिर पर वार कर दिया। हमला इतना तेज था कि पीड़ित का सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गया। घटना ने आसपास मौजूद लोगों को दहशत में डाल दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित व्यक्ति बिहार का रहने वाला है और काम के सिलसिले में यहां आया हुआ है। जब उससे बात करने की कोशिश की गई, तो उसने किसी भी तरह की जानकारी देने से साफ मना कर दिया। वह हमले के बाद काफी डरा हुआ है। अब बाहर से आकर काम करने वाले लोग जगदलपुर में सुरक्षित नहीं हैं। मामूली टोकाटाकी पर सिर फोड़ देना यहां आम होता जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर युवक-युवती की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
बॉक्स
वजह है नशे का बढ़ता जोर
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में गांजा, नशीली गोलियां और अन्य मादक पदार्थों का सेवन तेजी से बढ़ रहा है। नतीजा युवा छोटी-छोटी बातों पर आक्रामक और हिंसक हो रहे हैं। जगदलपुर में बढ़ती ऐसी घटनाएं अब सिर्फ खबर नहीं रहीं, बल्कि शहर की छवि और सुरक्षा पर सीधा हमला हैं। अगर आज कार्रवाई नहीं हुई, तो कल कोई और निर्दोष इस हिंसा का शिकार होगा। अब जिम्मेदारी प्रशासन की है क्या सख्त कदम उठाकर कानून का डर कायम किया जाएगा? या आम जनता और बाहर से आए मजदूर डर के साये में ही जीते रहेंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *