कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गई सांसद महेश कश्यप द्वारा स्वीकृत सीसी रोड

= संध करमरी गांव में न बनवा कर पोटियावंड में बनवा दी गई सड़क =


बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत संध करमरी गांव में सीसी सड़क निर्माण को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। भूमिपूजन के बाद सड़क निर्माण कार्य नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सड़क कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गई और निर्माण कार्य को दूसरे गांव में स्थानांतरित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में बस्तर सांसद महेश कश्यप द्वारा संध करमरी गांव में पहुंचकर 10-10 लाख की लागत वाली दो सीसी सड़कों का भूमिपूजन किया गया था। उस समय ग्रामीणों को उम्मीद थी कि जल्द ही गांव में सड़क निर्माण होगा और उनकी वर्षों पुरानी समस्या दूर होगी, लेकिन समय बीतने के बाद भी जब सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो ग्रामीणों ने जानकारी जुटाई। इस दौरान कथित तौर पर सरपंच द्वारा यह बात सामने आई कि निर्माण कार्य के लिए कमीशन की मांग की गई थी। राशि नहीं देने पर सड़क निर्माण को संशोधित कर दूसरी पंचायत में स्थानांतरित कर दिया गया।ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से सड़क बनने का इंतजार करते रहे, लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया है। आरोप है कि संध करमरी की स्वीकृत सड़क को पोटियावंड गांव में बनवा दिया गया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और भी बढ़ गई है। गांव के लोगों ने इसे जनप्रतिनिधियों की लापरवाही और भ्रष्टाचार का खुला उदाहरण बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि विकास कार्यों में इस तरह का भेदभाव और कमीशनखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई और संध करमरी में स्वीकृत सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, तो वे आने वाले चुनाव में ऐसे जनप्रतिनिधियों को सबक सिखाने से पीछे नहीं हटेंगे। यह मामला न केवल विकास कार्यों की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति को उजागर भी करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या संध करमरी के ग्रामीणों को उनका हक मिल पाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *