= कार और ट्रक में जोरदार टक्कर, 3 लोग घायल
जगदलपुर। यह वाकिया वास्तव में बेहद डरावना था, लेकिन राहत की बात यह रही कि इतनी भीषण दुर्घटना के बावजूद एयरबैग्स और सीट बेल्ट ने जान बचा ली। कल लगभग 4 बजे नेशनल हाईव-63 पर किलेपाल तहसील के पास हुई इस दुर्घटना में जगदलपुर से अपनी गर्भवती पत्नी का इलाज कराकर बचेली लौट रहे दंपति की इनोवा क्रिस्टा कार सीजी 18 एस 3744 और दंतेवाड़ा की तरफ से आ रहे ट्रक सीजी 04 क्यूटी 7784 के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में 26 वर्षीय कार चालक कपिल के सीने और पैरों में चोटें आई हैं। 29 वर्षीय आशीष का दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया है और सीने में चोट लगी है। वहीं 22 वर्षीया गर्भवती महिला सुप्रिया को भी चोटें आई हैं।चश्मदीदों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टकराते ही ट्रक का टायर तक फट गया और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे फ्रंट सीट पर बैठे लोगों की जान बच गई। किलेपाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर कर दिया गया है। सड़क पर चलते समय हमेशा रफ्तार पर नियंत्रण रखना और सुरक्षा मानकों का पालन करना कितना जरूरी है, यह घटना उसका बड़ा उदाहरण है। कोड़ेनार के एएसआई बनमली बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया और सड़क जाम की स्थिति न बने उसके लिए सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कार को किनारे कर जाम रास्ता खुलवाया।











Leave a Reply