= कलयुगी बेटा गिरफ्तार, भेज दिया गया जेल
जगदलपुर। एक कलयुगी बेटा रोज रोज नशे की हालत में घर पहुंचता और मां को चाकू दिखा कर कहता था-मार डालूंगा तुझे। परेशान मां पुलिस की शरण में पहुंच गई और उसने पुलिस को अपना दुखड़ा सुनाया। पुलिस ने तत्परता दिखाई और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर उसकी सारी गर्मी उतार दी। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस लगातार गुंडे बदमाशों और अपराधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गुंडागर्दी करने वाले एक युवक को बोधघाट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बोधघाट थाने में पीड़िता मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बेटा संजू श्रीवास्तव नशे का आदी है और रोजाना नशे की हालत में आकर अपने माता एवं पिता को भद्दी भद्दी गालियां देकर चाकू दिखाते हुए धमकी देता है। 21 अप्रैल की देर रात भी संजू नशा करके घर पहुंचा।नशाखोरी को लेकर मां ने उसे डांट दिया तो तैश में आकर संजू भड़क उठा और गालियों की बौछार करते हुए उसने चाकू दिखाते हुए मां को ही जान से मार डालने की धमकी दे डाली। पुलिस ने तुरंत संजू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत डी धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम तैयार की गई। पुलिस टीम ने आरोपी संजू श्रीवास्तव पिता घनश्याम श्रीवास्तव उम्र 19 वर्ष निवासी नयामुंडा बलिराम कश्यप वार्ड जगदलपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।











Leave a Reply