सायबर क्राइम के खिलाफ और ट्रैफिक अवेयरनेस के लिए भानपुरी पुलिस ने चलाया अभियान

= छात्र-छात्राओं- शिक्षकों को किया गया जागरूक

जगदलपुर। कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालय बेसोली भानपुरी में छात्र-छात्राओं शिक्षकों को यातायात नियमों, साइबर फ्रॉड, महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराध, नशामुक्ति, आदि के प्रति और जागरूक किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में जगदलपुर के ट्रैफिक डीएसपी संतोष जैन, एसडीओपी भानपुरी प्रवीण भारती, भानपुरी थाना प्रभारी हर्ष कुमार धुरंधर, थाना भानपुरी व ट्रैफिक पुलिस स्टाफ ने नागरिकों और कॉलेज के छात्र छात्राओं को साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जागरूक किया। बच्चों को सोशल मीडिया के उपयोग के दौरान सावधान रहने, मजबूत पासवर्ड बनाने और संदिग्ध लिंक या अज्ञात लोगों से बात न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के जोखिमों के बारे में जानकारी दी। सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने के लिए कहा गया। मजबूत पासवर्ड बनाने और उन्हें नियमित रूप से बदलने की सलाह दी गई।
संदिग्ध लिंक या अटैचमेंट पर क्लिक करने से बचने के लिए कहा गया। अज्ञात या अनजान नंबरों से आने वाली कॉल्स को रिसीव न करने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने छात्रों के माध्यम से उनके परिवारों को भी साइबर अपराधों के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और संबंधित कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि यह मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़ा एक सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, नशे की हालत में ड्राइविंग न करने, निर्धारित गति का पालन करने और वैध दस्तावेज साथ रखने पर जोर दिया। दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, दोपहिया वाहन पर दो से अधिक लोगों को बैठाने और गलत दिशा में वाहन चलाने से होने वाले खतरों के बारे में भी बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *