= छात्राओं के साथ होती रहती हैं अप्रिय घटनाएं
जगदलपुर। बीजापुर जिले के भोपालपटनम स्थित शासकीय इंद्रावती महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने कॉलेज मार्ग पर स्थित विदेशी मदिरा दुकान को हटाने की मांग को लेकर आज एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई भोपालपटनम के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से आग्रह किया कि मट्टीमार्का मार्ग पर संचालित यह शराब दुकान शैक्षणिक वातावरण के लिए घातक सिद्ध हो रही है।
विद्यार्थियों ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से कॉलेज आते-जाते हैं। बीते वर्ष इसी रास्ते पर एक छात्रा के साथ नशेड़ी युवक द्वारा छेड़छाड़ एवं अभद्र व्यवहार की घटना हुई थी, जिसके बाद से विद्यार्थी वर्ग और अभिभावकों में गहरी चिंता व्याप्त है। अभाविप ने कहा कि शराब दुकान के कारण आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। सड़क पर शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहनों का संचालन होता है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना लगातार बनी रहती है। विद्यार्थियों ने कहा कि कई छोटी-बड़ी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जो इस दुकान के कारण उत्पन्न होते माहौल की गंभीरता को दर्शाती हैं।
छात्र संगठन ने मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, गरिमामय वातावरण तथा शिक्षण व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस विदेशी मदिरा दुकान को तुरंत हटाकर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और कॉलेज के आसपास सुरक्षित माहौल सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply