= जनहित के कार्यों को गति देना ही हमारी पहली प्राथमिकता: संजय पांडे
जगदलपुर।:महापौर संजय पाण्डे ने मंगलवार को नगर निगम टीम के साथ शहर के महारानी वार्ड, सिविल लाइन वार्ड, वीर सावरकर वार्ड, भगतसिंह वार्ड तथा शांति नगर वार्ड का दौरा कर चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों को देखा। इस दौरान महापौर ने अधिकारियों से कहा प्रत्येक कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, समयबद्ध तथा जनसुविधा को केंद्र में रखकर पूरा किया जाए।
महारानी वार्ड में महापौर ने नाली, सड़क तथा अन्य चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य की प्रगति का नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता पर किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण हों ताकि नागरिकों को शीघ्र सुविधा मिल सके। महापौर श्री पाण्डे ने शांतिनगर वार्ड में निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया। कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाई। कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज से कहा समस्त निर्माण कार्यों की बारीकी से जांच के साथ ही गुणवत्ता की जांच हो। बिना गुणवत्ता की जांच के कोई भी बिल प्रस्तुत न किया जाए। सड़क किनारे फैले मलबे को तुरंत हटाने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में पाई गई किसी भी तकनीकी या संरचनात्मक त्रुटि को शीघ्र दूर किया जाए। उन्होंने इंजीनियरिंग टीम से कहा कि कार्यों को मानक व गुणवत्ता के साथ तय समय पर पूरा करना अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान महापौर ने यह भी कहा कि शहर के विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। टीम के सदस्यों ने विभिन्न स्थलों का जायजा लिया।
अधिकारी रखें गुणवत्ता का ध्यान
संजय पाण्डे ने कहा जनहित के कार्यों को गति देना और गुणवत्ता सुनिश्चित करना हमारी पहली प्राथमिकता है। शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। अधिकारियों से कहा गया कि सभी कार्य मानक के अनुसार, समय पर और जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर पूरे किए जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा ने कहा नगर निगम की तकनीकी टीम द्वारा सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। जिन स्थानों पर सुधार या अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता है, उसे तुरंत पूरा किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि सभी विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, राणा घोष, संजय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पार्षद पितामह नायक, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, इंजीनियर अशोक कोर्राम, अमर सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply