= अतिक्रमण के चलते मेरु प्रोजेक्ट का काम अटका
जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर के भवन निर्माण के लिए आवंटित जमीन पर भूमाफिया की नजर गड़ गई है। 9, 900 हेक्टेयर की इस जमीन पर बीते दो साल से अवैध कब्जे का खेल चल रहा है। अवैध कब्जों की वजह से केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा यूनिवर्सिटी के लिए स्वीकृत मेरु प्रोजेक्ट का काम अटक गया है और केंद्र सरकार से मिलने वाली वित्तीय सहायता में रुकावट आ रही है।
शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर बस्तर के भवन एवं अन्य निर्माणों के लिए शासन प्रशासन द्वारा नगर के धरमपुरा में खसरा नं. 1/1 क, की रकबा 9, 900 हेक्टेयर आबंटित भूमि पर पर वर्ष 2023 से चले आ रहे अतिक्रमण एवं अन्य स्थानों पर अवैध अतिक्रमण के लगातार हो रहे प्रयास और षडयंत्र का खेल चल रहा है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने बस्तर जिला प्रशासन और राज्य शासन को पत्र भेजकर विश्वविद्यालय की भूमि से अतिक्रमण को हटवाने एवं अतिक्रमण के प्रयास के दोषी व्यक्तियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। बताया गया है कि आबंटित भूमि पर अवैध निर्माण होने के कारण केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत मेरू प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य रूक गया है, जिससे विश्वविद्यालय की केंद्रीय योजनाओं में वित्तीय सहायता, शिक्षण अनुसंधान एवं विकास तथा शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। विश्वविद्यालय भवन के निर्माण कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम धरमपुरा, पटवारी हल्का नंबर 03, राजस्व निरीक्षक मंडल जगदलपुर (अ) तहसील जगदलपुर स्थित खसरा नं. 1/1क, में से 9, 900 हेक्टेयर हस्तांतरित भूमि में अवैध रूप से निर्मित भवन का अतिक्रमण यथाशीघ्र हटाने की मांग की गई है।

Leave a Reply