= जांच में टालमटोल कर रहे हैं विभाग के अधिकारी

बकावंड। विकासखंड बकावंड की गुमडेल ग्राम पंचायत में धारनी बाबा मंदिर शेड निर्माण से जुड़े भ्रष्टाचार का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। अधिकारी अब भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने की जुगत में लग गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि धारनी बाबा मंदिर परिसर में शेड निर्माण के लिए वर्ष 2021-22 में बस्तर विकास प्राधिकरण मद से 1 लाख 50 हजार रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन कार्य पांच साल से अधूरा पड़ा है। काम अधूरा होने के बावजूद राशि आहरित कर ली गई, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका और गहरी हो गई है। जनपद के कुछ अधिकारियों ने निरीक्षण करने का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि प्रशासनिक टीम जल्द मौके पर पहुंचेगी, लेकिन अब तक न निरीक्षण हुआ और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी पहुंचा है, जांच की बात तो दूर। इंजिनियर लोकेंद्र मौर्य किसी भी तरह की जानकारी देने से बचते हुए अपने सीनियर से बात कहने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि इतने बड़े मामले में प्रशासन की चुप्पी चिंताजनक है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी मामले को लगातार टालते आ रहे हैं।उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजेंगे।
शनिवार को करूंगा निरीक्षण
आजकल आवास निर्माण के कार्यों के निरीक्षण की वजह से बहुत ज्यादा व्यस्तता है। शनिवार को स्थल पर जाकर मैं स्वयं निरीक्षण करूंगा
-विविध सिंह,
एसडीओ, बकावंड

Leave a Reply