विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल

जगदलपुर . राम नवमी के पावन अवसर को लेकर नगर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 23 मार्च को राम जन्मोत्सव समिति एवं विश्व हिंदू परिषद द्वारा भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया।
इस चुनरी यात्रा में नगर की सैकड़ों मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। काशी से लाई गई पवित्र चुनरी को बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी को अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस आयोजन को सफल बनाने हेतु राम जन्मोत्सव समिति की उपाध्यक्ष जविता मंडावी ने विश्व हिंदू परिषद की ओर से समस्त मातृशक्ति का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
वहीं, 25 मार्च 3 बजे दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से आयोजित होने वाली आमंत्रण बाइक रैली की जानकारी प्रांत सह मंत्री रवि ब्रह्मचारी जी ने देते हुए बताया कि बजरंग दल के कार्यकर्ता बाइक रैली के माध्यम से नगर के प्रत्येक वार्ड एवं आसपास के ग्रामों तक पहुंचकर सभी सनातनियों को राम जन्मोत्सव में सम्मिलित होने हेतु आमंत्रित करेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष राम नवमी के आयोजन में बस्तर के जनजातीय समाज को विशेष महत्व दिया गया है। बस्तर की समृद्ध कला, संस्कृति एवं लोकनृत्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय नृत्य दलों को आमंत्रित किया गया है। इस वर्ष राम नवमी में बस्तर की जनजातीय संस्कृति की विशेष झलक देखने को मिलेगी।
अंत में उन्होंने समस्त सनातन समाज से आग्रह किया कि यह धर्म का कार्य है, अतः सभी इसमें बढ़-चढ़कर सहयोग करें तथा बाइक रैली में प्रत्येक घर से युवा सम्मिलित होकर अपनी एकता का परिचय दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *