शिक्षकों की विशाल आमसभा कल

= छग टीचर्स एसोसिएशन की महासभा 5 अप्रैल को होगी रायपुर में

​जगदलपुर। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन द्वारा शिक्षक संवर्ग की ज्वलंत समस्याओं और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श करने हेतु एक विशाल आमसभा का आयोजन 5 अप्रैल को राजधानी रायपुर में किया जा रहा है। यह सभा शांति नगर स्थित विमतारा भवन, मधु पिल्लै चौक में होगी।
एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया है इस महासभा का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों से जुड़े उन गंभीर मुद्दों पर रणनीति तैयार करना है, जो वर्तमान में शिक्षक संवर्ग के भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं। पूर्व सेवा से पेंशन एवं ​पूर्ण पेंशन का अधिकार- एलबी संवर्ग के शिक्षक बिना पेंशन के सेवानिवृत्त हो रहे हैं, अधिकांश शिक्षक न्यूनतम पेंशन पर सेवानिवृत्त होंगे, ऐसे शिक्षकों की बढ़ती संख्या पर चिंता और समाधान की दिशा में कार्ययोजना बनाने पर चर्चा की जाएगी। लंबे समय से लंबित क्रमोन्नति और पदोन्नति की प्रक्रियाओं में तेजी लाने हेतु रणनीति तय की जाएगी। ​प्रशिक्षण संबंधी मुद्दे जैसे टीईटी, डीएड और बीएड प्रशिक्षण से जुड़ी समस्याओं के निराकरण पर विमर्श किया जाएगा।

​प्रदेशाध्यक्ष ने की अपील

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों से इस सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि आज बड़ी संख्या में शिक्षक जीरो पेंशन के साये में सेवानिवृत्त हो रहे हैं, यदि आज हम एकजुट होकर प्रभावी रणनीति नहीं बनाएंगे, तो आने वाले वर्षों में यह समस्या और भी विकराल हो जाएगी। संगठन की शक्ति ही हमारी जीत का आधार है। यह आमसभा संगठन के भविष्य और शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक साबित होगी। सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने सुझाव साझा करने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *