अवैध रेत खनन पर कार्रवाई, जप्त पोकलेन मशीन को किया गया पुलिस के सुपुर्द

बकावंड। विकासखंड बकावंड से होकर बहने 1वाली नदियों में धड़ल्ले से चल रहे रेत के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आखिरकार प्रशासन को एक्शन लेना पड़ गया। एसडीएम बकावंड के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त एक पोकलेन मशीन को जप्त कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
इस समाचार पत्र ने बकावंड विकासखंड के बेलगांव और बनियागांव में अवैध रूप से बेतहाशा रेत खनन और प्रशासन के जप्त की गई पोकलेन मशीन की मदद से दोबारा रेत का अवैध खनन माफियाओं द्वारा किए जाने की खबर प्रमुखता से प्रसारित की थी। इस पर एक्शन लेते हुए बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ तगड़ी कार्रवाई की गई है। बकावंड तहसील के ग्राम बेलगांव-बनियागांव में खनिज विभाग द्वारा 26 मार्च को औचक निरीक्षण किया गया था, जिसमें अवैध खनन करते पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर मौके पर एक पोकलेन मशीन को सील किया गया था। इसके बाद सूचना प्राप्त हुई कि उक्त मशीन के माध्यम से पुनः अवैध उत्खनन का प्रयास किया जा रहा है। इस खनिज विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मशीन को शिफ्टर के माध्यम से थाना लाने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध एवं अन्य कारणों से उस दिन मशीन को थाना नहीं लाया जा सका। 9 अप्रैल को बकावंड एसडीएम विपिन दुबे (आईएएस) के नेतृत्व में खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा पुनः कार्रवाई की गई। इस दौरान जप्त पोकलेन मशीन को शिफ्टर के माध्यम से पुलिस थाना सिटी कोतवाली जगदलपुर लाकर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है, जहां प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *