= कार्रवाई होने के कुछ घंटे बाद ही पूरी रात होता रहा अवैध खनन, परिवहन
= नगरनार स्टील प्लांट में खपाई जा रही है रेत
-अर्जुन झा-
बकावंड। लगता है विकासखंड बकावंड में सक्रिय रेत माफियाओं को किसी का भी डर नहीं रह गया है। इधर खनिज विभाग की टीम कार्रवाई करके लौटी और उधर रेत माफियाओं ने फिर से अपना कारनामा शुरू कर दिया। रेत माफिया अब बस्तर जिला प्रशासन को चुनौती और विरोध करने वाले ग्रामीणों को धमकियां देने पर उतर आए हैं। जाहिर सी बात है ऐसा दुस्साहस वे खनिज विभाग के चंद अधिकारियों के संरक्षण के बिना दे ही नहीं सकते।
बकावंड विकासखंड में खनिज विभाग के अधिकारी ने कल ही रेत माफिया पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से छापा मारकर पोकलेन और अन्य वाहनों को जप्त किया था, इसकी जानकारी जन संपर्क विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन उसी रात और उसी जगह से रात 8 बजे से भोर तीन बजे तक रेत खनन बेधड़क चलता रहा। ब्लॉक के बनियागांव के पास बोरगांव में उड़ीसा सीमा से भास्कली नदी पर रातभर खनन होता रहा। कुछ ग्रामीण जब इस अवैध कृत्य को अपने कैमरों में कैद करने लगे तो करने रेत माफियाओं ने धमकी दी। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा है कि मिलीभगत के बिना ऐसे इस बेतहाशा रेत खनन संभव नहीं है। यह भी जानकारी मिली है कि नगरनार स्टील प्लांट में काम कर रहे बड़ी कंपनी को बहुत ज्यादा रेत की जरूरत पड़ती है और वे मोटी एडवांस राशि देकर कुछ ग्रामीणों से रेत खनन कराते हैं। रेत माफियाओं को न तो कार्रवाई का डर है और न ही प्रशासन का। वे खुलेआम प्रशासन को चुनौती देते हुए रेत निकाल रहे हैं।











Leave a Reply