= आक्रोशित पत्रकारों ने दी आंदोलन की चेतावनी

भानुप्रतापपुर। नगर पंचायत के भानुप्रतापपुर के पार्षद तुषार ठाकुर द्वारा पत्रकारों के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पत्रकार संघ भानुप्रतापपुर में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। संघ ने इस बयान को न केवल निंदनीय करार दिया है बल्कि पत्रकारिता की गरिमा पर सीधा हमला भी बताया है।
बताया गया है कि 2 अप्रैल को आयोजित एसडीओपी हटाओ प्रदर्शन के दौरान पार्षद तुषार ठाकुर ने सार्वजनिक मंच से पत्रकारों को “दलाल एवं चोर” कहकर संबोधित किया। इस टिप्पणी के सामने आते ही पत्रकारों में गहरा रोष फैल गया और इसे समाज में मीडिया की छवि को धूमिल करने वाला कृत्य बताया गया।
पत्रकार संघ ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही थाना भानुप्रतापपुर में पार्षद और कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।संघ के पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि इस तरह की भाषा किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती और यह अभिव्यक्ति की मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो 7 अप्रैल को भानुप्रतापपुर के मुख्य चौक पर जोरदार प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा।पत्रकारों ने साफ किया है कि वे अपने सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। पत्रकार संघ के अध्यक्ष अजय साहू ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, जनप्रतिनिधियों को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं, उनके खिलाफ इस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो पत्रकार संघ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर जिले में माहौल गरमाया हुआ है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।











Leave a Reply