स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हित में विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शिक्षा मंत्री यादव को लिखी चिट्ठी

= संघ की मांगों पर सकारात्मक पहल

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ द्वारा अपनी लंबित मांगों को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संघ के कार्यकारिणी सदस्य डॉ. निरंजन ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के समक्ष संघ की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रस्तुत किया। संघ के इस प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। डॉ. रमन सिंह द्वारा स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को आधिकारिक पत्र प्रेषित किया गया है, जिसमें संघ की सभी मांगों पर नियमानुसार विचार कर उचित कार्यवाही करने कहा गया है।
यह पहल इस बात का प्रमाण है कि संघ द्वारा अपनाया गया मार्ग सही दिशा में है और संघ की आवाज शासन एवं प्रशासन तक प्रभावी रूप से पहुंच रही है। संघ ने सभी शिक्षकों से आह्वान किया है कि एकजुटता बनाए रखें और जिन जिलों में अभी तक ज्ञापन प्रस्तुत नहीं किया गया है, वहां शीघ्रता से यह कार्य पूर्ण करें, ताकि आगामी निर्णयों की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सके।प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव ने कहा कि यह हमारे संघ की एकजुटता और निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि हमारी आवाज विधानसभा तक पहुंची है। यह केवल शुरुआत है, हमें अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक इसी प्रकार संगठित और सक्रिय रहना होगा। सभी साथियों से अपील है कि वे हिम्मत न हारें और संगठन को और मजबूत करें, निश्चित ही हम अपनी सभी जायज मांगों को पूरा कराने में सफल होंगे। प्रदेश मीडिया प्रभारी राहुल कुमार पांडेय ने कहा कि संघ द्वारा उठाए गए मुद्दे पूरी तरह से न्यायसंगत हैं और अब शासन स्तर पर इन पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। यह समय और अधिक जागरूकता तथा सक्रियता का है। सभी जिलों में शीघ्र ज्ञापन प्रस्तुत कर इस आंदोलन को और गति दें, ताकि हमारी आवाज और मजबूती के साथ शासन तक पहुंचे। संघ अपने सभी सदस्यों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और निरंतर प्रयासों के माध्यम से अपने लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु संकल्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *