राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. भगत ने गांवों जाकर देखी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत

= डॉ. वीआर भगत और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने बच्चों को पिलाई विटामिन ए सिरप

जगदलपुर। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं रायपुर से आए राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वीआर भगत ने जमीनी स्तर पर चल रही स्वास्थ्य सेवाओं, विशेषकर टीकाकरण की स्थिति का गांवों में जाकर जायजा लेने के उद्देश्य से उप स्वास्थ्य केंद्र परपा के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र पुजारीपारा, बिरींगपाल में आयोजित शिशु संरक्षण माह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. भगत ने बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाई। उन्होंने एएनएम एवं आरएचओ से दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली। आयरन सिरप, विटामिन ‘ए’ तथा वीएचएसएनडी ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस में दी जाने वाली सेवाओं की भी विस्तृत जानकारी ली। डॉ. भगत ने 7 अप्रैल से शुरू हो रहे ‘स्वस्थ बस्तर अभियान’ के अंतर्गत यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इस कार्यक्रम में क्षेत्र की संपूर्ण आबादी की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने बताया कि वर्तमान में 17 मार्च से 21 अप्रैल तक शिशु संरक्षण माह मनाया जा रहा है। इस माह के दौरान 6 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को आयरन सिरप तथा 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ‘ए’ की दवा दी जा रही है। इस अवसर पर राज्य से आए सलाहकार मुमताज अंसारी, सुपरवाइजर प्रशांत श्रीवास्तव, आरएचओ गोपेश शोम, रमशीला मरकाम, सुशीला तिवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भुनेश्वरी पांडे, आंगनबाड़ी सहायिका डिगेश्वर कश्यप, मितानिन मनबती साहू एवं सोमारी कश्यप सहित लाभार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *